ऑपरेशन त्रिनेत्र: अरनोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.75 किलो गांजा जब्त

प्रतापगढ़ जिले के थाना अरनोद पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 750 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है। गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिस पर गोतमेश्वर से ओडा होते हुए कंथारिया जाने वाले मार्ग पर रामपुरिया घाटे में नाकाबंदी की गई। इसी दौरान बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया, जिसके पीछे सफेद कट्टा बंधा हुआ था।

पुलिस को देखकर चालक मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने काफी तलाश की, लेकिन घने जंगल के कारण आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका। मौके पर मिले कट्टे की जांच करने पर उसमें गांजा भरा मिला, जिसका वजन 4 किलो 750 ग्राम पाया गया।

पुलिस ने गांजा और मोटरसाइकिल को जब्त कर थाना अरनोद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान आरोपी की पहचान शंकरलाल मीणा निवासी महुडी सोडलपुर के रूप में हुई है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *