PLACE:- जालौन (UP)
REPORT:- प्रतीक तिवारी
जालौन जनपद में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने ग्राम सतोह पहुंचकर नून नदी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व में किए गए वृक्षारोपण कार्यों का जायजा लिया और हरीशंकरी पौधे को विकसित होकर वृक्ष का रूप लेते देखा। पौधे की अच्छी वृद्धि पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल बताया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सतोह-अमीठा मार्ग पर नून नदी पर निर्माणाधीन पुलिया/पुल का भी गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान निर्माण कार्य में देरी और फिनिशिंग में खामियां पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने मौके पर ही लोक निर्माण विभाग के संबंधित अवर अभियंता (जेई) और सहायक अभियंता (एई) के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यदायी संस्था को मानकों के अनुरूप तेजी के साथ गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने की सख्त चेतावनी दी।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने, पारदर्शिता बनाए रखने और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को सुरक्षित और टिकाऊ सुविधाएं मिल सकें।
















