रिपोर्ट–प्रतीक तिवारी
लोकेशन–जालौन यूपी
जनपद जालौन के माधौगढ़ तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए।
कार्यक्रम में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान कुल 37 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को टीम बनाकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस के दौरान ग्राम हसुपुरा निवासी मुन्ना लाल पुत्र काशी प्रसाद की लंबे समय से लंबित खतौनी त्रुटि की समस्या का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान कराया। समस्या के निस्तारण से फरियादी के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ नजर आई।
जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रकरणों का निष्पक्ष, संवेदनशील और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा निस्तारित मामलों की जानकारी समय पर फरियादियों को दी जाए।\

उन्होंने ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए गौशालाओं के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए और कहा कि प्रत्येक गौशाला में भूसा, हरा चारा और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही कम से कम 10 कुंतल भूसा रिजर्व रखने और भूसे की जनपद से बाहर निकासी पर रोक सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में कहीं भी पेयजल और बिजली की समस्या उत्पन्न न होने पाए, इसके लिए पहले से ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि मारपीट, आपसी रंजिश और अन्य आपराधिक मामलों में निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के०के० सिंह, उपजिलाधिकारी राकेश सोनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
















