लोकेशन :- जालौन/ उत्तर प्रदेश
रिपोर्ट:प्रतीक तिवारी
जालौन (यूपी): प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पूर्ण होने के अवसर पर जालौन के विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में वर्चुअल प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने कृषि, सिंचाई, गन्ना, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सुरक्षा, कानून व्यवस्था, निवेश, रोजगार और आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि राज्य का कृषि उत्पादन लगातार बढ़ा है और प्रदेश आज फल एवं सब्जी उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर है। किसानों के हित में ऋणमाफी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा जैसी योजनाओं से करोड़ों किसानों को लाभ मिला है।
गन्ना क्षेत्र में उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश देश में गन्ना व चीनी उत्पादन में नंबर एक है और 2017 से 2025 तक किसानों को 3.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड भुगतान किया गया है। वहीं ‘ई-गन्ना’ ऐप और पोर्टल के जरिए किसानों को पारदर्शी सेवाएं दी जा रही हैं।
सिंचाई व्यवस्था में सुधार पर जोर देते हुए मंत्री ने बताया कि 1300 से अधिक परियोजनाएं पूरी कर लाखों हेक्टेयर सिंचन क्षमता बढ़ाई गई है। महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में स्वयं सहायता समूह, मिशन शक्ति और विभिन्न योजनाओं के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत वृद्ध, निराश्रित महिला और दिव्यांगजनों को सहायता दी जा रही है और पेंशन योजनाओं का दायरा भी बढ़ाया गया है। कानून व्यवस्था में सुधार, जीरो टॉलरेंस नीति, यूपी-112 की बेहतर सेवाएं और साइबर सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने से प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक कॉरिडोर और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार से प्रदेश निवेश का प्रमुख केंद्र बना है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। साथ ही स्टार्टअप, कौशल विकास और रोजगार मेलों के जरिए युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिला है।
पर्यटन के क्षेत्र में भी प्रदेश ने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। अयोध्या, काशी, मथुरा, चित्रकूट सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिला है और 2025 में रिकॉर्ड पर्यटक आगमन दर्ज किया गया।
कार्यक्रम में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ केवल उपलब्धियों का विवरण नहीं, बल्कि सुशासन और समावेशी विकास की मजबूत यात्रा का प्रतीक है, जिसका लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
















