लवाण उपखंड की ग्राम पंचायत खानपुरा के देवरी चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। नांगल राजावतान–तूंगा–लवाण वाया प्रहलादपुरा मार्ग के इस व्यस्त चौराहे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया।
समाजसेवी प्रमोद मीणा ने बताया कि यह चौराहा चार प्रमुख मार्गों को जोड़ता है, जहां से दिनभर भारी यातायात गुजरता है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में बनी रहती है।
ग्रामीणों ने लवाण उप जिला कलेक्टर रेखा मीणा को ज्ञापन सौंपकर देवरी चौराहे पर जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की। बाबूलाल गुर्जर ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
देवरी चौराहे पर स्पीड ब्रेकर की मांग, ग्रामीणों का प्रदर्शन
















