जोधपुर को मिले नए जिला कलेक्टर, युवा IAS आलोक रंजन ने संभाला पदभार

पहली बैठक में जनहित, जवाबदेही और विकास कार्यों में तेजी पर दिया जोर
जोधपुर। 4 अप्रैल। जोधपुर जिले को नए जिला कलेक्टर के रूप में युवा भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी आलोक रंजन मिले हैं। उन्होंने आज विधिवत रूप से जिला कलेक्टर का पदभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालने के साथ ही जोधपुर के प्रशासनिक ढांचे में नई ऊर्जा और नई कार्यशैली की उम्मीदें भी जुड़ गई हैं।
पदभार ग्रहण करने के दौरान नगर निगम आयुक्त राहुल जैन, जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी, एसडीएम प्रीतम कुमार, प्रशिक्षु IAS मोहनलाल, एसडीएम पंकज जैन तथा जनसंपर्क अधिकारी आकांक्षा पालावत सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं जॉइनिंग प्रक्रिया के समय एडीएम जवाहर चौधरी, सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित सहित प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई।
पहली बैठक में दिए स्पष्ट प्रशासनिक संकेत
पदभार संभालते ही जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में समयबद्धता, जवाबदेही और समन्वय को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और हर विभाग अपनी जिम्मेदारी के साथ कार्य करे।
उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि राजस्थान सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य किया जाए। साथ ही विकास योजनाओं में तेजी लाने, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे तथा लोक कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
जोधपुर से पुराना जुड़ाव, शहर की नब्ज से परिचित
नव नियुक्त कलेक्टर आलोक रंजन का जोधपुर से पहले से गहरा संबंध रहा है। वे पूर्व में यहां एसडीएम के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ऐसे में उन्हें शहर की प्रशासनिक संरचना, स्थानीय चुनौतियों और विकास की संभावनाओं की अच्छी समझ है। यही कारण है कि उनके आगमन को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विकास और पर्यटन को मिलेगी नई दिशा
आलोक रंजन ने अपने शुरुआती विजन में यह स्पष्ट किया कि जोधपुर की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन और शहरी विकास पर विशेष फोकस रहेगा। उन्होंने संकेत दिए कि शहर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन क्षेत्र को मजबूती देने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जाएगी।
जनता का विश्वास जीतना पहली प्राथमिकता
मीडिया से पहली बातचीत में जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने कहा कि उनकी पहली जिम्मेदारी जनहित और समस्याओं का त्वरित समाधान है। उन्होंने प्रशासन को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और जन-केंद्रित बनाने की बात कही। साथ ही यह भी भरोसा दिलाया कि सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा।
उन्होंने कहा कि वे जनता के विश्वास पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे और जोधपुर के विकास को नई गति देने के लिए पूरी टीम के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *