चित्तौड़गढ़, 01 अप्रैल 2026। कोतवाली निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 किलो 722 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त कर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के मार्गदर्शन एवं वृताधिकारी निंबाहेड़ा बद्रीलाल के निर्देशन में थानाधिकारी राम सुमेर मीणा के सुपरविजन में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने बस स्टैंड निंबाहेड़ा पर संदिग्ध स्थिति में खड़ी दो महिलाओं को तीन बैग सहित डिटेन किया। पूछताछ में उनकी पहचान जसवीर कौर (50) निवासी भटिंडा, पंजाब और करमजीत कौर (70) निवासी मानसा, पंजाब के रूप में हुई। तलाशी के दौरान तीनों बैग से कुल 33 किलो 722 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसे जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।
















