घरेलू गैस के अवैध भंडारण की लगातार कार्रवाई, पर दो सिलेंडर व रिफिलिंग मोटर जब्त

चित्तौड़गढ़, 13 मार्च।
जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशानुसार प्रशासन, रसद विभाग एवं पुलिस विभाग के समन्वय से गठित जिला सतर्कता टीम द्वारा जिलेभर में गैस एजेंसियों का निरीक्षण करते हुए घरेलू गैस के अवैध भंडारण एवं उपयोग के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही
राशमी उपखंड क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण एवं उपयोग की शिकायत मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जांच के दौरान मुरोली चौराहे के पास स्थित जोगणिया किराणा स्टोर पर मुकेश लाल खटीक के यहां से 2 घरेलू गैस सिलेंडर तथा एक रिफिलिंग मोटर जब्त कर अग्रिम कार्रवाई प्रस्तावित की गई।

इसी प्रकार टीम द्वारा रावतभाटा उपखंड में रावतभाटा हेवी वाटर गैस एजेंसी तथा गंगरार उपखंड में गंगरार इंडेन गैस एजेंसी का निरीक्षण कर गैस सिलेंडरों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को गैस वितरण संबंधी राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिले में वर्तमान में कुल 28 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनके अंतर्गत कुल 3,85,680 सक्रिय घरेलू गैस कनेक्शन हैं। उपभोक्ताओं को वितरण के लिए जिले में 12,869 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से नियमित रूप से गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति जारी है, इसलिए आमजन किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
व्यावसायिक उपयोग के लिए 19 किलोग्राम गैस सिलेंडर की आपूर्ति केवल अस्पतालों एवं शैक्षणिक संस्थानों को आवश्यकता अनुसार की जाएगी। साथ ही सभी ऑयल कंपनियों द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गैस बुकिंग हेतु मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप नंबर एवं मोबाइल ऐप भी जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *