6 साल से फरार मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मंगलवाड़ थाना पुलिस की कार्रवाई

चित्तौड़गढ़, 14 मार्च 2026। जिले की मंगलवाड़ थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ तस्करी के मामले में पिछले 6 वर्षों से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 12 दिसंबर 2019 को मंगलवाड़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कंटेनर से करीब 148 किलो अवैध डोडाचूरा जब्त किया था। उस दौरान हरियाणा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि मामले में अन्य आरोपी फरार चल रहे थे।

पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत यह कार्रवाई की गई।

एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में थानाधिकारी मंगलवाड़ भगवान लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार आरोपी मुबारिक पुत्र कमाल खान मेव निवासी हुजरा गाधानेर, थाना पहाड़ी, जिला भरतपुर (हाल जिला डींग) को गुरुग्राम (हरियाणा) से डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।

पुलिस टीम में एएसआई जगदीश चंद्र, कांस्टेबल राकेश कुमार, सुनील कुमार और श्रीभान सिंह शामिल रहे।

जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *