बावलास में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल आयोजित

37 प्रकरणों में से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

चित्तौड़गढ़, 13 फरवरी। जिले के राशमी पंचायत समिति की बावलास ग्राम पंचायत में गुरुवार रात्रि को जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में ‘रात्रि चौपाल’ का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर ने न केवल ग्रामीणों के अभाव अभियोग सुने, बल्कि क्षेत्र के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित भी किया।

प्रतिभाओं का सम्मान और करियर गाइडेंस

चौपाल के प्रारंभ में जिला कलक्टर आलोक रंजन ने शिक्षा के क्षेत्र में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले तथा खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्थानीय बच्चों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें करियर संबंधी महत्वपूर्ण टिप्स और गाइडेंस भी दिया।

मौके पर राहत के निर्देश

रात्रि चौपाल में कुल 37 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का जिला कलक्टर ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर निस्तारण करवाया। जनसुनवाई के दौरान सड़क निर्माण करने, आरओ प्लांट की स्थापना, 33 केवी ग्रिड स्थापित करने, एकलव्य लाइब्रेरी खुलवाने, चरनोट भूमि से अतिक्रमण हटाने, आवास हेतु भूमि आवंटन, चारागाह में घुमंतू/अर्ध घुमंतू जातियों के लिए प्रस्ताव बनाने, भूमि का नामांतरण (म्यूटेशन) खोलने, प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त दिलाने, शौचालय निर्माण की राशि दिलाने, ई-केवाईसी करने, क्षेत्र में रोडवेज बस शुरू करने और रिकॉर्ड में नाम दुरुस्त करने जैसे प्रकरणों की सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए।

अधिकारियों को हिदायत

जिला कलक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग को जर्जर विद्यालय एवं आंगनबाड़ी भवनों की मरम्मत हेतु तत्काल एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, ‘घास का भाटा सूथारो का मोहल्ला’ में खराब हैंडपंप को तुरंत ठीक करने के लिए पीएचईडी विभाग को पाबंद किया। उन्होंने कहा कि “ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी सुनिश्चित करें कि पात्र व्यक्ति सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।”

चौपाल के दौरान एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के पेंशन रिविजन का मामला सामने आने पर जिला कलक्टर ने तहसीलदार को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला रसद अधिकारी को भी निर्देशित किया कि खाद्य सुरक्षा सूची में पात्र लोगों के नाम जोड़े जाए।

रात्रि चौपाल में उपखंड अधिकारी अंजू शर्मा, तहसीलदार बेणी प्रसाद, विकास अधिकारी ओमप्रकाश, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचंद गुप्ता सहित कृषि, पेयजल, सार्वजनिक निर्माण विभाग और पंचायती राज विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

जिला कलक्टर ने किया राशमी उपखंड कार्यालय का निरीक्षण

राजस्व रिकॉर्ड के व्यवस्थित संधारण और स्वच्छता बनाए रखने के दिए निर्देश

जिला कलक्टर आलोक रंजन ने गुरुवार को रात्रि चौपाल से पूर्व राशमी उपखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विभिन्न अनुभागों का अवलोकन
जिला कलक्टर ने उपखंड कार्यालय में संस्थापन अनुभाग सहित विभिन्न शाखाओं का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद पत्रावलियों के रखरखाव और रिकॉर्ड की स्थिति को देखा।

व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि राजस्व रिकॉर्ड की फाइलों को पूरी तरह व्यवस्थित और अपडेट रखा जाए ताकि आमजन को समय पर सूचनाएं मिल सकें।
उन्होंने उपखंड अधिकारी को कार्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंडिंग कार्यों को समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने की बात कही।

निरीक्षण के दौरान राशमी उपखंड अधिकारी अंजू शर्मा, तहसीलदार बेणी प्रसाद, विकास अधिकारी ओमप्रकाश सहित उपखंड कार्यालय के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

फवारा संयंत्र हेतु मिली वित्तीय स्वीकृति

बावलास गाँव के किसान नानूराम के लिए गुरुवार की रात खुशियों की नई सौगात लेकर आई, जब जिला कलक्टर द्वारा उन्हें मौके पर ही सिंचाई यंत्र के लिए अनुदान राशि स्वीकृत की गई।

बावलास निवासी कृषक नानूराम पिता लालूराम अहीर ने अपने 2 हेक्टेयर खेत में जल बचत और बेहतर फसल उत्पादन के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत फव्वारा (स्प्रिंकलर) संयंत्र लगवाया था। इस तकनीक से कम पानी में अधिक क्षेत्रफल की सिंचाई संभव हो पा रही है, जिससे खेती की लागत में कमी और उपज में वृद्धि की उम्मीद है।

चौपाल से पूर्व गुरुवार सांय को हुआ भौतिक सत्यापन और तत्काल राहत
जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में बावलास ग्राम पंचायत में चौपाल से पूर्व गुरुवार सांय को क्षेत्र के कृषि पर्यवेक्षक पुखराज कुमावत, सहायक कृषि अधिकारी मुकेश कुमार तेली, सहायक निदेशक कृषि रामजस खटीक एवं उपनिदेशक उद्यान डॉ. शंकर लाल जाट द्वारा किसान के खेत पर जाकर फवारा संयंत्र का भौतिक सत्यापन किया गया।

प्रशासन की संवेदनशीलता का उदाहरण पेश करते हुए चौपाल के दौरान ही किसान नानूराम के पक्ष में 24 हजार 260 रुपये की अनुदान राशि की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई। जिला कलक्टर ने स्वयं यह स्वीकृति पत्र किसान को सौंपा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *