चित्तौड़गढ़, 14 मार्च 2026। जिले की सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान एक स्विफ्ट कार से 2 किलो 60 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत यह कार्रवाई की गई।
एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और वृत्ताधिकारी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन में थानाधिकारी सदर निम्बाहेड़ा संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाने के सामने नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान गुजरात नंबर की एक स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार में रखी चार प्लास्टिक की थैलियों से 2 किलो 60 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम और स्विफ्ट कार को जब्त कर मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में 48 वर्षीय नारणाराम पुत्र मोडाराम देवासी और 37 वर्षीय शंकरलाल पुत्र मेसाराम देवासी, निवासी रेबारियों की ढाणी, करड़ा रोड भीनमाल, थाना भीनमाल जिला जालौर शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें।
















