वैर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार के साथ एक युवक गिरफ्तार

रिपोर्टर-परमसुख सैनी
लोकेशन-वैर (भरतपुर )

वैर (भरतपुर)। भरतपुर जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वैर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांगरौली के जंगलों से एक युवक को अवैध देशी कट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जंगल में वारदात की फिराक में था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि गांगरौली गांव के जंगलों में एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रिंकू कुमार पुत्र भगवान सहाय (निवासी रहीमगढ़, थाना वैर) को दबोच लिया।
315 बोर का देशी कट्टा बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
हथियार के स्रोत की जांच जारी
फिलहाल वैर थाना पुलिस गिरफ्तार आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह अवैध हथियार कहाँ से खरीदकर लाया था और इसका उपयोग किस वारदात को अंजाम देने के लिए करने वाला था। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *