भरतपुर। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में इस बार लोहागढ़ की धरती पर सात दिनों तक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। जिला प्रशासन ने राज्य सरकार के निर्देशानुसार भव्य आयोजनों की रूपरेखा तैयार कर ली है। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय और सक्रिय भागीदारी के साथ इन कार्यक्रमों को एक ‘उत्सव’ के रूप में मनाएं।
14 मार्च से स्वच्छता सप्ताह का आगाज
आयोजनों की शुरुआत 14 मार्च से जिलेभर में स्वच्छता सप्ताह के साथ होगी। इसके तहत नगर निगम, नगर पालिकाएं और पंचायती राज संस्थाएं शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाएंगी। कलक्टर ने स्पष्ट किया कि इन आयोजनों में केवल सरकारी मशीनरी ही नहीं, बल्कि आमजन की सहभागिता (जनभागीदारी) सबसे महत्वपूर्ण है ताकि जिले में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहे।
प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा:
- 15 मार्च: ‘विकसित राजस्थान रन’
रविवार, 15 मार्च को जिला कलेक्ट्रेट से किशोरी प्लाजा (लोहागढ़ किला) तक एक विशाल दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसमें युवा, खिलाड़ी और आम नागरिक हिस्सा लेंगे। - 18 मार्च: मुख्यमंत्री करेंगे संवाद
पुलिस परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय ‘किसान एवं पशुपालक समृद्धि दिवस’ मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम की खास बात यह रहेगी कि मुख्यमंत्री स्वयं जिले के किसानों और पशुपालकों से सीधा संवाद कर उन्हें सरकार की योजनाओं और भविष्य के रोडमैप की जानकारी देंगे।
जिले के कॉलेजों में युवाओं की प्रतिभा निखारने के लिए डिजिटल क्विज, निबंध लेखन, भाषण और चित्रकला जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
कलेक्ट्रेट में तैयारियों की समीक्षा
जिला कलक्टर ने बैठक के दौरान अधिकारियों को पाबंद किया कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने जोर दिया कि राजस्थान दिवस का यह आयोजन प्रदेश की संस्कृति और विकास की झलक दिखाने वाला होना चाहिए।
















