16 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद खुमानसिंह राठौड़ का भव्य सेवा निवृत्ति समारोह आयोजित

जीला-प्रहलाद जणवा
तहसील-छोटीसादडी
रिपोटर-प्रहलाद जणवा

प्रतापगढ़ भारतीय सेना की 17वीं बटालियन दि राजपूताना राइफल्स (सवाईमान) में 16 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले जवान खुमानसिंह राठौड़ के सम्मान में शुक्रवार को जिले के छोटी सादड़ी उपखंड के अम्बावली गांव स्थित उनके निवास पर भव्य सेवा निवृत्ति समारोह आयोजित किया गया। समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पूर्व सैनिकों, समाजजनों एवं परिजनों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत महाराणा प्रताप स्मारक, छोटी सादड़ी से अम्बावली तक निकाली गई भव्य वाहन रैली से हुई। देशभक्ति गीतों और जयघोषों के बीच निकली रैली में युवाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अम्बावली पहुंचने पर खुमानसिंह राठौड़ का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। पुष्पवर्षा, माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर उनका सम्मान किया गया।

इसके बाद आयोजित सेवा निवृत्ति सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि खुमानसिंह राठौड़ ने भारतीय सेना में रहते हुए अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने सीमाओं पर रहकर देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने।

समारोह में उपस्थित समाजजनों एवं परिजनों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सैनिक का जीवन केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च दायित्व होता है। खुमानसिंह राठौड़ ने अपने 16 वर्षों के सेवाकाल में इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से किया।

इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीणों द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया गया। पूरे समारोह के दौरान देशभक्ति और गौरव का वातावरण देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *