जिला कलक्टर ने जिला पुस्तकालय एवं सूचना केंद्र का किया अवलोकन

चित्तौडगढ
रिपोर्ट-प्रवीण दवे

चित्तौड़गढ़, 22 अप्रैल। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने बुधवार को किला रोड स्थित जिला पुस्तकालय एवं नेहरू बाजार स्थित सूचना केंद्र का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्तकालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं पाठकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने जिला पुस्तकालय में टेबल-कुर्सी, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु यूआईटी एवं नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देशित किया।

उन्होंने कहा कि पुस्तकालय ज्ञान एवं अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां आने वाले पाठकों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने पुस्तकालय में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात जिला कलक्टर ने नेहरू बाजार स्थित सूचना केंद्र का अवलोकन किया। यहां लंबे समय से बंद पड़ी लाइब्रेरी को शीघ्र पुनः प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए उन्होंने यूआईटी एवं नगर परिषद को आवश्यक फर्नीचर एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आमजन एवं विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सुधार कार्य प्राथमिकता एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं, जिससे जिले में अध्ययन एवं पठन-पाठन का वातावरण और अधिक सुदृढ़ हो सके।

इस अवसर पर जिला परिषद के
मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, यूआईटी सचिव कैलाश चंद्र गुर्जर, भूमि अवाप्ति अधिकारी अंशुल आमेरिया, नगर परिषद आयुक्त सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *