झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज से 7 वर्षीय मासूम की हालत नाजुक, ग्वालियर रेफर

रिपोर्ट–गौरव कुमार मिश्रा
लोकेशन–हमीरपुर यूपी

हमीरपुर :– हमीरपुर जनपद के थाना जलालपुर अंतर्गत ग्राम हरसुण्डी में एक झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही के कारण एक मासूम बच्चे की जान दांव पर लग गई है। गलत दवा और ड्रिप चढ़ाने से बच्चे के पेट में भयंकर संक्रमण हो गया है, जिसके चलते उसे ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वह जीवन और मौत के बीच जूझ रहा है।
हरसुण्डी निवासी रामआसरे कोरी ने बताया कि बीते 28 अप्रैल 2026 को उनके सात वर्षीय पुत्र शिवम के पेट में अचानक दर्द उठा था। इलाज के लिए वे उसे गाँव के ही तथाकथित डॉक्टर विजय पुत्र रामपाल लोधी के पास ले गए। आरोप है कि विजय ने बच्चे को कुछ दवाएं दीं और ड्रिप चढ़ा दी। इसके मात्र दो घंटे बाद बच्चे की स्थिति सामान्य होने के बजाय और अधिक बिगड़ गई।


परिजनों ने आनन-फानन में शिवम को राठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों ने खुलासा किया कि गलत दवाओं के कारण बच्चे के शरीर में भारी संक्रमण फैल गया है। स्थिति गंभीर होने पर उसे झाँसी और फिर ग्वालियर रेफर कर दिया गया। पीड़ित पिता के अनुसार, अब तक इलाज में 83 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं और अब बच्चे का ऑपरेशन होना है। पीड़ित रामआसरे का आरोप है कि जब उन्होंने गाँव के संभ्रान्त व्यक्तियों के साथ पंचायत कर डॉक्टर से इलाज के खर्च में मदद मांगी, तो आरोपी ने न केवल पैसे देने से मना कर दिया, बल्कि कही भी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त व्यक्ति बिना किसी वैध डिग्री या रजिस्ट्रेशन के अवैध रूप से अस्पताल संचालित कर रहा है। पीड़ित ने जिला अधिकारी हमीरपुर को शिकायती पत्र भेजकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही करने और आर्थिक नुकसान की भरपाई करवाने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *