पुलिस कल्याण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है” —आईजी श्रीवास्तव

चित्तौड़गढ़, 22 अप्रैल 2026। पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज श्री गौरव श्रीवास्तव द्वारा पुलिस लाइन परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातानुकूलित लाइब्रेरी एवं सामुदायिक भवन का विधिवत लोकार्पण किया गया। यह पहल पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं उनके समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज श्री गौरव श्रीवास्तव द्वारा बुधवार को पुलिस लाइन परिसर में निर्मित आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातानुकूलित लाइब्रेरी एवं सामुदायिक भवन का विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिथियों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर उत्तम राय, यूनिट हेड, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (यूनिट आदित्य सीमेंट वर्क्स, चित्तौड़गढ़) द्वारा निर्मित वातानुकूलित लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। यह लाइब्रेरी राजस्थान पुलिस के कर्मठ एवं कर्तव्यनिष्ठ जवानों तथा उनके परिवारजनों को समर्पित है। लाइब्रेरी में अध्ययन हेतु अनुकूल वातावरण, संदर्भ सामग्री, समाचार-पत्र एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे पुलिस कर्मियों को ज्ञानार्जन एवं आत्मविकास के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
इसी क्रम में आलोक रंजन, लोकेशन हेड, हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड, चित्तौड़गढ़ द्वारा निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया। यह भवन राजस्थान पुलिस के कर्मठ एवं कर्तव्यनिष्ठ जवानों को समर्पित है तथा विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए उपयोगी रहेगा। कार्यक्रम के दौरान महानिरीक्षक महोदय ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर दोनों सुविधाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आलोक रंजन एवं उत्तम राय की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। अपने संबोधन में महानिरीक्षक महोदय ने कहा कि पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं उनके परिवारजनों के विकास के लिए इस प्रकार की आधारभूत सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि एक सशक्त एवं सकारात्मक कार्य वातावरण से पुलिस बल की कार्यक्षमता एवं मनोबल में वृद्धि होती है, जिसका सीधा लाभ आमजन को बेहतर पुलिस सेवा के रूप में प्राप्त होता है। उन्होंने अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड एवं हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत किए गए इस सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों में सहभागिता बनाए रखने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सरिता सिंह तथा पुलिस उप अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *