चित्तौड़गढ़: जिले की डूंगला थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डूंगला थाना पुलिस ने डेढ़ साल से फरार आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2024 को गश्त के दौरान एक अल्टो कार से 80 किलो से अधिक अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया था। मामले की जांच में सामने आया कि यह डोडाचूरा उपलब्ध कराने वाला आरोपी भैरूलाल पुत्र घीसालाल कुमावत निवासी नारायणी थाना छोटीसादड़ी जिला प्रतापगढ़ लंबे समय से फरार चल रहा था।
एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में थानाधिकारी शैतान सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
















