AI-171 ने उड़ान भरते ही हादसे का शिकार हुआ, विमान सिविल हॉस्पिटल के पास इमारत से टकराया; कई डॉक्टर्स भी घायल
गुजरात की राजधानी अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 आज दोपहर एक बड़े हादसे का शिकार हो गई। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर ने जैसे ही दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी, महज दो मिनट बाद 1:40 बजे यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे। खबर लिखे जाने तक 100 से अधिक शव घटनास्थल से बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों की पहचान प्रक्रिया जारी है।
पूर्व मुख्यमंत्री रूपाणी भी विमान में थे सवार
सूत्रों के अनुसार, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी इस विमान में सवार थे। उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जहां टकराया विमान, वहां डॉक्टर्स का रिहायशी भवन
हादसा एयरपोर्ट की दीवार और कस्टम कार्गो ऑफिस के पास हुआ। प्लेन सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स की बिल्डिंग से टकरा गया, जिससे वहां 15 डॉक्टरों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद इलाके में धुएं का घना गुबार उठता देखा गया।
घायलों का इलाज जारी, अस्पताल में इमरजेंसी अलर्ट
घटना के बाद घायलों को अहमदाबाद के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सिविल अस्पताल में इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया है। लगातार एंबुलेंस घटनास्थल से अस्पताल आ-जा रही हैं।

बोइंग ड्रीमलाइनर की सेफ्टी पर फिर सवाल
जिस विमान से हादसा हुआ वह बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर था, जो फ्यूल एफिशिएंसी और आरामदायक उड़ान के लिए जाना जाता है। हालांकि, इस मॉडल की सेफ्टी पर पहले भी विवाद रह चुके हैं। बैटरी से जुड़ी तकनीकी खामियों के चलते 2013 में इस विमान की फ्लीट पर तीन महीने की रोक भी लगाई गई थी।
2020 की याद दिला गया हादसा
यह हादसा लोगों को 2020 के कोझिकोड प्लेन क्रैश की याद दिला गया, जब एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट रनवे से फिसलकर क्रैश हुई थी, जिसमें 21 लोगों की मौत और 110 घायल हुए थे।
जांच के आदेश, DGCA व एयर इंडिया की टीम रवाना
घटना के तुरंत बाद सरकार ने DGCA को हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। एअर इंडिया की जांच टीम और सिविल एविएशन मंत्रालय के अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं।