पीपलखेड़ा के पास काल बनकर दौड़ा अज्ञात वाहन, छह बेटियों के सिर से उठा पिता का साया।

रिपोर्टर/मनोज खंडेलवाल
लोकेशन/महवा-बालाहेडी

दौसा जिले के महवा क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पीपलखेड़ा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया, जिसमें पूरणचंद सैनी की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे छह बेटियों को छोड़ गया है।
जानकारी के मुताबिक भंडपुरा गढ़ हिम्मतसिंह निवासी पूरणचंद सैनी अपनी पत्नी नारंगी देवी के साथ सिकंदरा स्थित देव मंदिर से दर्शन कर बाइक से गांव लौट रहे थे। तभी पीपलखेड़ा के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार रोडवेज बसनुमा अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर बालाहेड़ी थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को महवा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पूरणचंद सैनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल नारंगी देवी को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है।
मृतक पूरणचंद सैनी हलवाई का काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था और वही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है और गांव में शोक की लहर फैल गई है।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर वाहन की तलाश शुरू कर दी है। वहीं क्षेत्रवासियों ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *