पुलिस थाना मंगलवाड़ की कार्रवाई: अवैध गांजा तस्करी में वाहन मालिक गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़,
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मंगलवाड़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में वांछित वाहन मालिक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 7 जनवरी 2026 को आरपीएस प्रोबेशनर मुकेश कुमार के नेतृत्व में थाना मंगलवाड़ पुलिस ने एचपी पेट्रोल पंप के सामने, उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे-48 पर नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर की स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोका। तलाशी में उनके कब्जे से 1 किलो 375 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।

मामले में आरोपी देवराज माली और मनोज लौहार को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया गया तथा अनुसंधान शुरू किया गया। जांच के दौरान प्रयुक्त मोटरसाइकिल के मालिक की तलाश की जा रही थी।

पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत एएसपी सरिता सिंह और डीएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में थाना अधिकारी भगवान लाल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल के स्वामी 59 वर्षीय कन्हैयालाल लौहार निवासी जुना बाजार, कोतवाली चित्तौड़गढ़ को डिटेन कर पूछताछ की।

अनुसंधान के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *