Rajasthan Police की बड़ी कार्रवाई: 11 टन से अधिक लाल खैर की लकड़ी जब्त, हरियाणा के दो आरोपी गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़, 25 फरवरी।
कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक आईशर ट्रक से 11 टन 840 किलोग्राम अवैध लाल खैर की लकड़ी जब्त कर हरियाणा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक Manish Tripathi ने बताया कि अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन व डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन में थानाधिकारी रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

एएसआई सूरज कुमार व पुलिस जाप्ता ने हाईवे रोड सरहद जलिया, तहसील निम्बाहेड़ा पर नाकाबंदी के दौरान नीमच की ओर से आ रहे आईशर ट्रक को रुकवाकर जांच की। वाहन के अंदर खैर की गीली लकड़ी के गट्ठे भरे मिले। कुल वजन 11,840 किलोग्राम पाया गया, जिसे जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने ट्रक चालक 25 वर्षीय वसीम पुत्र रूजदार मेव, निवासी रावली (छोटी मस्जिद के पास), थाना फिरोजपुर झिरका, जिला नूंह (हरियाणा) एवं खलासी 21 वर्षीय हासिम पुत्र हारून मेव, निवासी इब्राहिम बास, थाना फिरोजपुर झिरका, जिला नूंह (हरियाणा) को फॉरेस्ट एक्ट के तहत गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया है।

आरोपियों से अवैध खैर की लकड़ी के स्रोत व गंतव्य के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *