चित्तौड़गढ़, 25 फरवरी।
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बेगूं थाना पुलिस ने डोडाचूरा तस्करी के मामले में पिछले 6 वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक Manish Tripathi ने बताया कि आईजीपी रेंज उदयपुर Gaurav Srivastava के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए “ऑपरेशन त्रिनेत्र” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी रावतभाटा भगवतसिंह हिंगड़ और डीएसपी बेगूं अंजलि सिंह के सुपरविजन में बेगूं थानाधिकारी कमलचंद मीणा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2019 में 450 किलोग्राम डोडाचूरा तस्करी के प्रकरण में फरार चल रहा आरोपी 45 वर्षीय घीसालाल पुत्र चुन्नीलाल धाकड़, निवासी राणाखेड़ी, थाना रतनगढ़, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) लंबे समय से गिरफ्त से बाहर था। आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की गतिविधियों पर निगरानी रखी। जानकारी मिली कि वह अपने गांव स्थित मंदिर में प्रतिदिन पूजा-अर्चना के लिए आता है। मंगलवार को पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मंदिर परिसर से डिटेन किया और थाने लाकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। मामले में जब्त मादक पदार्थ को लेकर पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
















