जालौन जनपद में शुक्रवार सुबह परिवहन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेज संचालित हो रही शताब्दी बसों पर शिकंजा कस दिया। कई दिनों से मिल रही शिकायतों के बाद चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में विभाग ने एक बस को सीज कर गल्ला मंडी परिसर में खड़ा करा दिया।
बिना कागजात दौड़ रही थीं बसें

सूत्रों के अनुसार दिल्ली रूट पर संचालित कुछ शताब्दी बसें आवश्यक परमिट, टैक्स और अन्य दस्तावेजों के बिना ही संचालन कर रही थीं। आरोप है कि इससे राज्यस्व विभाग को राजस्व का नुकसान पहुंच रहा था। परिवहन विभाग ने दस्तावेज जांच के दौरान खामियां पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की।
सवारियों को उठानी पड़ी परेशानी
अचानक हुई कार्रवाई के चलते महोबा, राठ और पनवाड़ी की ओर जाने वाली सवारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को बीच रास्ते से ही वैकल्पिक साधन तलाशने पड़े।
अवैध सामान ढुलाई का भी आरोप
शिकायतों में यह भी सामने आया कि कुछ बसों के माध्यम से कथित रूप से गाड़ियों के पार्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक सामान और डुप्लीकेट मोबाइल फोन की ढुलाई की जा रही थी। हालांकि इस संबंध में अधिकारियों ने जांच की बात कही है।
कई दिनों से मिल रही थीं शिकायतें
परिवहन विभाग को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह विशेष अभियान चलाया गया। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और बिना दस्तावेज संचालित वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















