भरतपुर से जी 94न्यूज को परमसुख सैनी की रिपोर्ट
भरतपुर के नदबई क्षेत्र के गांव झारकई में रेलिंग लगाने के दौरान एक मिस्त्री की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान भरतपुर शहर के बी नारायण गेट निवासी 33 वर्षीय जीतेन्द्र पुत्र परमानंद के रूप में हुई है। वह पेशे से रेलिंग मिस्त्री था और सोमवार शाम को झारकई गांव में एक मकान की छत पर रेलिंग लगाने का कार्य कर रहा था। काम के दौरान रेलिंग का पाइप अचानक पास से गुजर रही हैवी बिजली लाइन से टकरा गया। करंट लगते ही जीतेन्द्र का संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत राजकीय जिला अस्पताल भरतपुर लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। एएसआई मानसिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मंगलवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
















