गंगरार
चन्द्र प्रकाश बिलवाल
गंगरार ब्लॉक में अरावली संरक्षण अभियान के अंतर्गत अवैध खनिज रेत परिवहन के विरुद्ध की सख्त कार्यवाही दिनांक 01.01.2026 को प्रशासन द्वारा की गई। अरावली पर्वतमाला के संरक्षण हेतु राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत गंगरार ब्लॉक क्षेत्र में आज राजस्व विभाग, खनिज विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अवैध खनिज रेत के भंडारण के विरुद्ध सघन कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान टीम ने लगभग 30 टन अवैध रूप से संग्रहित खनिज रेत को जब्त किया। प्रकरण में नियमानुसार संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध ₹38,000 (अड़तीस हजार रुपये) का अर्थदंड आरोपित किया गया। यह कार्यवाही उपखंड अधिकारी, गंगरार श्री पुनीत कुमार गेलड़ा के निर्देशन में संपन्न हुई। कार्यवाही के दौरान तहसीलदार श्री पुष्पेंद्र सिंह राजावत की सक्रिय भूमिका रही। खनिज विभाग द्वारा अवैध खनिज भंडारण से संबंधित नियमानुसार कार्यवाही की गई। इसके साथ ही भू-अभिलेख निरीक्षक (सदस्य) श्री प्रफुल संाखला जी भी कार्यवाही में सम्मिलित रहे। वहीं सोनियाना चौकी प्रभारी ए.एस.आई. श्री शिवलाल जी के नेतृत्व में पुलिस विभाग की टीम द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए कार्यवाही में पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्यवाही से क्षेत्र में अवैध खनन, परिवहन एवं अवैध खनिज भंडारण में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि इस उपखंड क्षेत्र में अवैध खनन एवं खनिज से संबंधित किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपखंड प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे अवैध गतिविधियों में संलिप्त न हों यदि कहीं अवैध खनन, परिवहन या खनिज भंडारण की जानकारी प्राप्त हो तो तुरंत प्रशासन, खनिज विभाग अथवा पुलिस को सूचित करें। भविष्य में भी अरावली संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने हेतु इस प्रकार की संयुक्त कार्यवाहियां नियमित रूप से जारी रहेंगी।
















