हमीरपुर। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार, हमीरपुर में डेंगू एवं चिकनगुनिया जैसी संचारी बीमारियों की रोकथाम एवं जनजागरूकता को लेकर एक संगोष्ठी एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं सहित नगर क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० पुष्पेन्द्र कुमार द्वारा डेंगू रोग के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। उन्होंने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए घरों एवं आसपास जलभराव न होने देना, साफ-सफाई बनाए रखना तथा मच्छरों से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने घरों में कूलर, गमले, टायर एवं अन्य पात्रों में जमा पानी को नियमित रूप से साफ करें तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित जागरूकता अभियानों में सहयोग करें।

इस अवसर पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० संजय कुमार ने डेंगू रोग के लक्षण, निदान एवं उपचार के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि समय पर पहचान एवं उपचार से रोग की गंभीरता को कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से बुखार आने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।

संगोष्ठी का संचालन जिला मलेरिया अधिकारी श्री आर० के० यादव द्वारा किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद हमीरपुर, पशुपालन विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जल संस्थान तथा अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की और डेंगू नियंत्रण हेतु समन्वित प्रयासों पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को डेंगू रोग की रोकथाम एवं जनजागरूकता फैलाने हेतु शपथ दिलाई गई तथा जनसामान्य से स्वच्छता अपनाकर मच्छरजनित रोगों के उन्मूलन में सहयोग करने की अपील की गई।
रिपोर्ट गौरव कुमार मिश्रा संवाददाता हमीरपुर
















