चौकीदार सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की अहम कड़ी– अमरेंद्र बहादुर सिंह।

कोतवाली क्षेत्र में ग्रामीण अंचलों में सुरक्षा के लिए पैनी नजर बने आधा दर्जन चौकीदारों को साइकिल की सौगात मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या डा गौरव ग्रोवर के निर्देशन में सोमवार को कोतवाली परिसर में सात चौकीदारों को प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह द्वारा लड्डू खिलाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया तथा साइकिल प्रदान की गई। साइकिल पाकर चौकीदारों के चेहरे खिल गए। प्रभारी निरीक्षक ने सभी चौकीदारों को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने एवं उनकी जिम्मेदारी का टिप्स दिया। बताया कि चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्र में तत्पर रहते हुए पैनी नजर बनाए रखने की जरूरत है। चौकीदार सुरक्षा की पहली और महत्वपूर्ण कड़ी हैं इनके सहयोग से अपराधिक गतिविधियों के संबंध में घटना से पूर्व जानकारी संभव हो सकती है तथा घटना घटने के पूर्व नियंत्रण करना संभव हो जाता है। उन्होंने चौकीदारों का उत्साह वर्धन करते हुए बताया कि गांवों में किसी भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी करके सूचना समय पर उपलब्ध कराया जाना चाहिए जिससे समय रहते अपराधों पर नियंत्रण किया जा सके। कहा कि शासन द्वारा चौकीदारों के हित और सुरक्षा के लिए शासन द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। साइकिल पाने वाले चौकीदारों में इस्माइलपुर की चौकीदार अंबिका प्रसाद, कोडरा मुसलमीन की चौकीदार नंदलाल, कोछा ग्राम पंचायत के चौकीदार सहज राम, खजुरहट के चौकीदार वासुदेव, तरहरा के चौकीदार राम तीरथ, भीतर गांव के चौकीदार छोटेलाल प्रजापति शामिल हैं। कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि नई साइकिल की सुविधा मिल जाने से चौकीदारों को आवागमन और गांव में सुरक्षा के दृष्टिकोण से गतिमान गतिविधियों को संचालित करने में सहूलियत रहेगी। इस मौके पर कोतवाली के उपनिरीक्षक और स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *