लवाण. कस्बे में मिष्ठान की दुकान में हुई चोरी के बाद लवाण थाना पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। गुरुवार रात पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर पूरे कस्बे में सघन गश्त की। पुलिस वाहन के अलावा सिविल कपड़ों में भी पुलिसकर्मी सक्रिय नजर आए और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।
हेड कांस्टेबल कमलेश सिंह ने बताया कि रात 11 बजे के बाद यदि कोई व्यक्ति बिना कारण घूमता या कहीं बैठा मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खेती के कार्य से बाहर रहने वाले किसानों को भी अपनी गतिविधियों की जानकारी स्पष्ट रूप से देनी होगी। पुलिस द्वारा कस्बे के मुख्य नाका पॉइंट्स पर विशेष सख्ती बरती जा रही है।
व्यापारियों से सहयोग की अपील
पुलिस ने कस्बे के व्यापारियों से भी सहयोग की अपील की है। पहले कुछ व्यापारी पुलिस के साथ गश्त में शामिल होते थे, लेकिन वर्तमान में सहयोग कम हो गया है। इस संबंध में जल्द ही व्यापारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। पुलिस ने दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि वे रात में अपनी दुकानों के बाहर लाइट चालू रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत थाने में दें।
नशाखोरी व अवैध गतिविधियों पर सख्ती
थाना प्रभारी जगन्नाथ जाट ने बताया कि कस्बे में नशाखोरी, अवैध शराब बिक्री और रात में तेज गति से बाइक चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नशा करने वालों की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए विशेष टीम का गठन भी किया गया है।
पुलिस ने यह भी भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में हुई चोरियों का जल्द खुलासा किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने थाने के कुछ कर्मियों के व्यवहार में सुधार की आवश्यकता बताते हुए आमजन से बेहतर संवाद की अपेक्षा जताई है।
















