डूंगला प्रेस रिपोर्टर
प्रवीण कुमार मेहता
डूंगला। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आरएएस भर्ती 2024 का फाइनल रिजल्ट शनिवार को जारी किया गया जिसमें कस्बा निवासी नमिता मेहता ने 198वी रैंक हासिल कर परिवार एवं जिले का नाम रोशन किया है।
राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2024 की मुख्य परीक्षा के जारी किए गए परिणाम अंतर्गत राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा 1 दिसंबर 25 से 17 अप्रैल 26 तक साक्षात्कार आयोजित किए गए थे। इसके बाद कस्बा निवासी नरेंद्र मेहता की 25 वर्षीय पुत्री नमिता मेहता ने वारियता सूची में 198वी रैंक हासिल कर डूंगला की पहली आरएएस बनने का गौरव हासिल किया है। नमिता के पापा किराणा व्यवसायी है वहीं उसकी मां ललिता गृहणी है। एक छोटा भाई निखिल है जो सीए कर रहा है। परीक्षा परिणाम की घोषणा के बाद नमिता के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
सफलता का श्रेय- नमिता ने बताया कि इस सफलता में सबसे बड़ा योगदान उसके माता-पिता और भगवान का है। उसने 2022 से तैयारी प्रारंभ की थी एवं पहली बार असफल रही लेकिन हिम्मत नहीं हारी एवं पुनः तैयारी की तो आज इस मुकाम पर पहुंची। नमिता के अनुसार इस तरह की प्रतियोगी परीक्षाओं में धैर्य रखना बहुत जरूरी है। वह अपने परिवार के सपोर्ट और सबसे ज्यादा मां व भाई के सपोर्ट से ही वह आज इस मुकाम पर पहुंची है।
युवाओं के लिए प्रेरणा- नमिता ने कहा कि जो भी विद्यार्थी किसी भी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो उसे सपना बड़ा देखना चाहिए और मन में विश्वास रखें कि वह कर सकते हैं। साथ ही अपनी पूरी मेहनत के साथ तैयारी करें व भगवान पर भी भरोसा रखें तो निश्चित रूप से सफलता मिलेगी।
















