चित्तौड़गढ़, 18 मार्च 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत शम्भुपूरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अल्टो कार से करीब 38 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह और डीएसपी भदेसर विनोद लखेरा के सुपरविजन में थानाधिकारी धर्मराज मीना के नेतृत्व में टीम ने गिलूण्ड-अरनोदा रोड पर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध अल्टो कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन को तेज गति से भगाते हुए पहाड़ी क्षेत्र की ओर ले गया। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया।
इसके बाद कार की तलाशी लेने पर उसमें करीब 38 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया है तथा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और पूरे नेटवर्क को खंगालने की कोशिश कर रही है।
👉 पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, कंट्रोल रूम या नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।
















