चित्तौड़गढ़, 19 मार्च 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत कनेरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक स्विफ्ट कार से 43 किलो 170 ग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही वाहन से 5 फर्जी नंबर प्लेटें भी बरामद की गई हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह और वृत्ताधिकारी बद्रीलाल के सुपरविजन में थानाधिकारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने घाटारानी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोका।

तलाशी के दौरान कार में रखे तीन प्लास्टिक कट्टों में भारी मात्रा में डोडा चूरा मिला, जिसका कुल वजन 43 किलो 170 ग्राम पाया गया। इसके अलावा वाहन में 5 फर्जी नंबर प्लेटें भी बरामद हुईं, जिससे तस्करी के संगठित नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी मनीष (27) निवासी सालवा कला, थाना डांगियावास (जोधपुर) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
👉 पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या मादक पदार्थ तस्करी की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, कंट्रोल रूम या नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।
















