रमेश ईनाणी मर्डर केस में बड़ा एक्शन – हथियार उपलब्ध कराने वाला अरविन्द दूबे गिरफ्तार।

चित्तौड़गढ़, 19 मार्च 2026। चित्तौड़गढ़ पुलिस ने बहुचर्चित रमेश ईनाणी हत्याकाण्ड में एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या में प्रयुक्त हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी अरविन्द दूबे उर्फ कृपानाथ दूबे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर 07 दिन का पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 11 नवम्बर 2025 को कृष्णा नगर, चित्तौड़गढ़ निवासी रमेश चन्द्र ईनाणी सुबह लगभग 11 बजे स्कूटी से दुकान के लिए निकले थे। सीटी पेट्रोल पम्प के पास अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाश ने पीछे से फायरिंग कर दी, जिससे रमेश ईनाणी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार हेतु उदयपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस द्वारा मामले में अब तक हत्या के मुख्य आरोपी मनीष कुमार उर्फ कमल दूबे (वाराणसी, उत्तरप्रदेश) को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। हत्या के षड्यंत्र व दुष्प्रेरण में शामिल भजनाराम गुरु (जिला पाली) भी पुलिस गिरफ्त में है।अब शूटर को हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी अरविन्द दूबे उर्फ कृपानाथ दूबे पुत्र सुभाष चन्द्र दूबे निवासी नदौली करौदी, थाना लालगंज, जिला मिर्जापुर (उत्तरप्रदेश) की गिरफ्तारी से केस में अहम कड़ी जुड़ गई है। आरोपी अरविन्द दूबे को न्यायालय में पेश कर 07 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ जारी है।
मामले के मुख्य आरोपी 25 हजार से फरार ईनामी आरोपी रमता राम की तलाश हेतु पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। चित्तौड़गढ़ पुलिस की सतत और सघन कार्यवाही से बहुचर्चित हत्याकाण्ड में लगातार प्रगति हो रही है। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि शेष फरार आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *