रिपोर्टर – परमसुख सैनी
लोकेशन – भुसावर
भरतपुर | भुसावर (रणधीरगढ़) भरतपुर जिले की भुसावर तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत रणधीरगढ़ के गाँव गढ़ी साद में सरकारी सिस्टम की लापरवाही के चलते ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। गाँव की हालत ऐसी है कि यहाँ ‘विकास’ के नाम पर बनाई गई पानी की टंकी केवल एक शोपीस बनकर रह गई है, जबकि सड़कें कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं।
सड़कों की हालत: स्कूल जाने वाले नौनिहालों का रास्ता बना मुसीबत
ग्रामीणों ने बताया कि गाँव की मुख्य और आंतरिक सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। हर जगह कीचड़ और जलभराव के कारण पैदल चलना भी दूभर है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें हर दिन गंदगी और फिसलन भरे रास्तों से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। बरसात के मौसम में तो स्थिति जानलेवा हो जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़कों के निर्माण के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है, लेकिन कागजों से निकलकर काम अभी तक जमीन पर नहीं पहुँचा है।
पानी की टंकी तैयार, फिर भी सूखी है गढ़ी
गाँव में पेयजल संकट को दूर करने के लिए पानी की टंकी का निर्माण कार्य तो पूरा कर लिया गया है, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी इससे जल आपूर्ति शुरू नहीं की गई। ग्रामीण आज भी पीने के पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं।
कलेक्टर से गुहार: ग्रामीणों ने दी चेतावनी
समस्याओं से त्रस्त गढ़ी साद के ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर भरतपुर को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि यदि जल्द ही स्वीकृत बजट के अनुसार सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ और पानी की टंकी से सप्लाई चालू नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों की मुख्य मांगें:
गढ़ी साद की सभी जर्जर सड़कों की गुणवत्तापूर्ण जांच और तुरंत निर्माण।
निर्मित पानी की टंकी से हर घर तक अविलंब जल आपूर्ति।
















